सारण : बिहार के सारण जिले के छपरा सदर अस्पताल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बनवार गांव के एक 65 वर्षीय पुरुष के शरीर में रविवार को गर्भाशय और अंडाशय मिला है। बुजुर्ग शख्स के नाक से खून निकलने और खून की उल्टी की शिकायत हुई तो वे उपचार के लिए छपरा सदर अस्पताल में भर्ती किए गए। मरीज का सिटी स्कैन रिपोर्ट सामने आने पर डॉक्टर भी हैरान रह गए।
डॉक्टर के उड़े होश (सारण)
बढ़ई मियां नाम के एक व्यक्ति को किड़नी की समस्या थी। जिसके बाद परिजनों ने शख्स को छपरा सदर अस्पताल में भर्ती करवाया। अस्पताल में शख्स का सिटी स्कैन करवाया गया लेकिन जब रिपोर्ट आयी तो उसे देखकर डॉक्टर के भी होश उड़ गए। रिपोर्ट में मरीज के शरीर के तमाम अंगों को सामान्य बताया गया, लेकिन एक रिपोर्ट में सामने आया कि पुरुष शरीर में महिलाओं के शरीर के यूटेरस (गर्भाशय) और ओवरी (अंडाशय) को दर्शाया गया और इन तमाम अंगों को भी सामान्य अवस्था में होने की बात कही गई। डॉ संतोष कुमार ने भी रिपोर्ट को देखकर हैरानी जताई है।
डॉक्टर ने बताया मानवीय भूल
डॉक्टर ने इसे मानवीय भूल बताते हुए कहा कि कभी-कभी रिपोर्ट बनाने में कॉपी पेस्ट करने के दौरान इसे संशोधित करने में भूल हो जाती है। यहां भी संभवत ऐसा ही हुआ है जिसे सुधारने के लिए निर्देश दे दिया गया है। परिजनों ने बताया कि एक माह पूर्व तबीयत खराब होने पर दिल्ली में दिखाया था। एक सप्ताह बाद मरीज गांव आ गये। इसके दो दिन बाद फिर तबीयत खराब होने पर छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया था।
लेकिन अस्पताल की इतनी बड़ी लापरवाही पर कई बड़े सवाल खड़े होते हैं। इस तरह की मानवीय भूल किसी की जान आफत में डाल सकती है, जिसका जवाब अस्पताल के पास नहीं है।