चीन के हुबेई प्रांत में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना वायरस से संक्रमित था। हालांकि, उसमें संक्रमण के लक्षण 27 दिन बाद ही दिखना शुरू हुए। शनिवार को हुबेई प्रशासन की वेबसाइट पर यह जानकारी दी गई। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि नए कोरोना वायरस का ‘इंक्युबेशन पीरियड’ पूर्व में आंके गए 14 दिनों से कहीं ज्यादा लंबा हो सकता है।

‘इंक्युबेशन पीरियड’ उस अ‌वधि को कहते हैं, जिसमें संक्रमित मरीज में किसी रोग के लक्षण उभरना शुरू होते हैं। इस अ‌वधि का लंबा होना कोरोना के खिलाफ जंग को और मुश्किल बना सकता है। हुबेई प्रशासन के मुताबिक पीड़ित 24 जनवरी को कोरोना से संक्रमित अपनी बहन से मिलकर शेनोंगजा लौटा था। 20 फरवरी को बुखार आने के बाद उसने कोरोना जांच करवाई। 21 फरवरी को उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई।

जापानी क्रूज पर मौजूद भारतीयों की कोरोना जांच होगी-
जापान के ‘डायमंड प्रिंसेज’ क्रूज पर बचे भारत समेत सभी देशों के नागरिकों की कोरोना जांच होगी। टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को यह जानकारी दी। शुक्रवार को पृथक अवधि में स्वस्थ पाए गए यात्रियों का आखिरी जत्था भी जहाज छोड़ अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया था।

जापान सरकार में मुख्य कैबिनेट सचिव योशिहिदे सुगा ने बताया कि ‘डायमंड प्रिंसेज’ पर अब भी एक हजार लोग मौजूद हैं। सरकार खून की जांच कर पता लगाएगी कि इनमें से कोई कोरोना से संक्रमित तो नहीं हो गया है। भारतीय दूतावास ने कहा, ‘डायमंड प्रिंसेज’ पर कोरोना की जद में आए आठ भारतीयों की हालत में सुधार हो रहा है। हम कामना करते हैं कि क्रूज पर मौजूद किसी अन्य भारतीय में कोरोना संक्रमण न मिले।

इटली में कोरोना से पहली मौत- 
इटली में कोरोना से मौत का पहला मामला सामने आया है। दो हफ्ते पहले संक्रमित पाए गए 78 वर्षीय व्यक्ति ने शुक्रवार रात उत्तरी वेनेतो के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य मंत्री रोबर्तो स्पेरैंजा ने बताया कि पीड़ित दस दिन से आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती था।

इलाज के सभी उपाय करने के बावजूद उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार रात वह कोरोना के हाथों जिंदगी की जंग हार गया। स्पेरैंजा के मुताबिक कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए  लोमबार्डी के दस शहरों में सभी सार्वजनिक स्थल बंद कर दिए गए हैं। खेल प्रतियोगिताएं और धार्मिक सभाएं भी रद्द करने का फैसला किया गया है।

मृतकों की संख्या 2300 के पार-
चीन में शुक्रवार को कोरोना वायरस से मौत के 109 और मामले सामने आए। इसी के साथ देश में कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा 2345 पर पहुंच गया। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को कोरोना के 397 नए मामले दर्ज किए गए। इससे देश में कोरोना के कुल पुष्ट मामलों की संख्या 76288 हो गई।