पणजी (गोवा)। सांप-रोधी संदिग्ध नकली दवा की 1,080 शीशियां जब्त की गई हैं। यह कार्रवाई केंद्रीय और राज्य खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने की। दवाओं का पूरा स्टॉक जब्त कर सैंपल को जांच के लिए भेज दिया है। यह पता लगाया जा रहा है कि इस दवा का निर्माण कहां हुआ था।
यह है मामला
जानकारी अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं को आरव फार्मा ने जीवनरक्षक दवा सप्लाई की थी। यह फार्मा इसके सूचीबद्ध विक्रेता हैं। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि तेलंगाना स्थित एक मूल दवा निर्माता कंपनी ने केंद्रीय एफडीए से शिकायत की। शिकायत के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। उनके लेबल का उपयोग करके एक संदिग्ध सांप के जहर रोधी दवा सप्लाई की गई थी। सीडीएससीओ और राज्य एफडीए ने संयुक्त निरीक्षण किया। इसके बाद शीशियों को जब्त कर लिया गया। स्वास्थ्य सेवाएं अब एफडीए की रिपोर्ट का इंतजार कर रही हैं।
उन्होंने पुष्टि की कि किसी भी शीशी का इस्तेमाल किसी भी मरीज पर नहीं किया गया था। सैंपल जांच के लिए केंद्रीय औषधि प्रयोगशाला में भेजे गए है। जांच रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।










