दाड़लाघाट(सोलन)। क्लीनिक पर रेड कर बिना लाइसेंस की 30 एलोपैथिक दवाइयां जब्त की हैं। यह कार्रवाई दवा निरीक्षक अर्की राकेश कौशल की टीम ने नालागढ़ के गलोत में क्लीनिक पर की। इस दौरान बीबीएन पुलिस भी साथ रही। गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। इन दवाओं के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मामला न्यायालय भेजा जाएगा।
टीम ने मौके पर क्लीनिक संचालक घनश्याम निवासी रामशहर से ड्रग लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा। वह लाइसेंस नहीं दिखा सके। जांच के दौरान पता चला कि क्लीनिक में दवाओं का अवैध भंडारण किया गया था। खरीद-बिक्री से संबंधित कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं था।
विभाग ने इसे ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 की धारा 18(सी) और 18्र का उल्लंघन बताया। टीम ने सभी 30 प्रकार की दवाओं को सीज कर लिया। दवा निरीक्षक राकेश ने कहा कि बिना लाइसेंस दवाओं की बिक्री और भंडारण गंभीर अपराध है। मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










