कंडोम गर्भनिरोध के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला सबसे प्रचलित तरीका है। इसका इस्तेमाल किफायती, आसान और सहज होता है इसलिए लोग इस विकल्प को चुनते हैं। यौन संबंध बनाने के बाद अगर आपको जनानांगों में खुजली या जलन होने की शिकायत हो रही है तो इसके पीछे का कारण संभवत आपके द्वारा इस्तेमाल किया गया कंडोम हो सकता है। अधिकतर लोग लेटेक्स कंडोम का उपयोग करते हैं। लेटेक्स एक पदार्थ है जिससे एलर्जी होने की संभावनाएं होती हैं। अगर आपको कंडोम से एलर्जी है तो आप कैसे पहचान सकते हैं, आइए जानते हैं। 

कंडोम से होने वाली एलर्जी के संकेत

खुजली – किसी भी एलर्जी के होने पर सबसे पहले दिखने वाला संकेत खुजली ही है। खुजली होने के कारण आप काफी असहज और परेशान हो सकते हैं। कंडोम से एलर्जी होने पर आपको जनानांगों में हल्की खुजली हो सकती है। महिलाओं को वेजाइना में या वेजाइना के आसपास खुजली हो सकती है जबकि पुरुष लिंग की ऊपरी त्वचा में खुजली अनुभव कर सकते हैं। इसके अलावा ओरल सेक्स के कारण आपको होंठों, जीभ या गले में भी एलर्जी हो सकती है।

रैश – लेटेक्स कंडोम के संपर्क में आने के बाद आठ घंटों के अंदर आपको अगर आपके प्यूबिक एरिया में रैशेज हो रहे हैं तो यह कंडोम एलर्जी के संकेत हो सकते हैं। ये रैशेज हल्के या अधिक भी हो सकते हैं। इन रैशेज में आपको जलन, खुजली हो सकती है और ये लाल या गुलाबी रंग के दिखते हैं।

जननांगों में जलन – अगर आपको लेटेक्स कंडोम से एलर्जी है तो आपको जननांगों में जलन महसूस हो सकती है। यह काफी सामान्य लक्षण है। यह जलन महिलाओं को वेजाइना के अंदर और पुरुषों को लिंग के ऊपर महसूस हो सकती हैं।

छाले – लेटेक्स कंडोम के साथ अधिक समय तक संपर्क में रहने के कारण और समय के साथ कंडोम एलर्जी और बढ़ सकती है। ऐसी स्थिति में आपको जनानांगों में छालें हो सकते हैं। ये छाले तब होते हैं जब इम्यून सिस्टम इस एलर्जी से लड़ने का प्रयास कर रहा होता है।

एनाफाईलैक्सिस – एनाफाईलैक्सिस एक गंभीर एलर्जिक रिएक्शन है जिसके दौरान आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की जरूरत होती है ताकि इसका समय रहते उपचार कराया जा सके। इस दौरान आपको सांस लेने में परेशानी, होंठों, जीभ और गले में सूजन, धड़कन का तेज होना और सीने में दर्द जैसे संकते दिख सकते हैं।