मुंबई। Sex Power दवा वियाग्रा बेचने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ हुआ है। मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-9 को यह सफलता मिली है। अंबोली इलाके में एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारा। इसके जरिए विदेशी नागरिकों को नकली वियाग्रा बेचकर ठगा जा रहा था। इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी समेत दो लोग अभी फरार हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद आमिर इकबाल शेख, माहिर इकबाल पटेल, मोहम्मद शबीब मोहम्मद खलील शेख हैं। इनके अलावा भी मोहम्मद अयाज परवेज शेख, आदम एहसानुल्लाह शेख, आर्यन मुशफ्फिर कुरैशी, अमान अजीज अहमद शेख  और हश्मत जामिल जरीवाला है। वहीं मुख्य आरोपी मुजफ्फर शेख (43) अपने साथी आमिर मणियार और अन्य के साथ फरार है। क्राइम ब्रांच की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। सभी आठ गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 10 दिसंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।

यह है मामला

सूचना मिली थी कि अंबोली, जोगेश्वरी (वेस्ट) में एक कॉल सेंटर चल रहा है। यहां के कर्मचारी खुद को वहां की दवा कंपनियों का प्रतिनिधि बताते थे। ये विदेशी नागरिकों को टेलीमार्केटिंग के जरिए नकली दवाएं बेचकर ठगी करते थे। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने छापा मारा। मौके से कई लैपटॉप, हेडसेट, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए। पुलिस को शक है कि इस कॉल सेंटर में अमेरिकी नागरिकों का निजी डेटा भी अवैध तरीके से लिया गया था।

यह कॉल सेंटर पिछले छह-सात महीनों से सक्रिय था। बड़ी संख्या में विदेशी नागरिकों को निशाना बना रहा था। जब्त सभी डिजिटल उपकरणों की विस्तृत फॉरेंसिक जांच की जाएगी। यह पता लगाया जाएगा कि अब तक कितने लोगों को ठगा गया। कितना वित्तीय नुकसान पहुंचाया गया और डाटा चोरी की कितनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया। फरार आरोपियों को जल्द पकडऩे के लिए कई टीमें दबिश दे रही हैं।