नई दिल्ली। गुणवत्ता जांच में 205 दवाइयांं फेल मिली हैं। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने नवंबर महीने का यह ड्रग अलर्ट जारी किया है। सीडीएससीओ हर महीने गैर-मानक गुणवत्ता (एनएसक्यू) और नकली दवाओं की सूची जारी करता है।
देश में दवाओं की गुणवत्ता को लेकर चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। केंद्रीय औषधि प्रयोगशालाओं ने नवंबर महीने के ड्रग अलर्ट में विभिन्न कंपनियों के 64 सैंपल को मानकों पर खरा न उतरने वाला पाया है।
राज्यों की प्रयोगशालाओं ने भी 141 दवाओं को निकृष्ट गुणवत्ता का घोषित किया है। औषधि प्रयोगशालाओं द्वारा जारी सूची बाजार में उपलब्ध दवाओं पर किए परीक्षण के आधार पर तैयार की जाती है। एनएसक्यू दवा के नमूनों की जांच गुणवत्ता मानकों में विफलता के आधार पर होती है। यह विफलता सरकारी प्रयोगशाला द्वारा जांचे गए बैच के दवा उत्पादों तक ही सीमित है। बाजार में उपलब्ध अन्य दवा उत्पादों के बारे में चिंता का कोई कारण नहीं है।










