बरेली (उप्र)। अवैध मेडिकल स्टोर पर 50 हजार की दवाएं जब्त की गई हैं। औषधि विभाग ने फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव पढ़ेरा में दबिश दी। एक बिना लाइसेंस वाले मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। इस कार्रवाई में करीब 50 हजार की एलोपैथिक दवाएं जब्त की गईं।

यह है मामला

औषधि निरीक्षक राजेश कुमार को अवैध दवा बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद औषधि निरीक्षक अनामिका अंकुर जैन के साथ दुकान पर जांच की। देशदीपक सिंह के नाम से संचालित मेडिकल स्टोर पर बड़ी मात्रा में दवाओं का स्टॉक मिला। टीम द्वारा लाइसेंस मांगे जाने पर संचालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इससे स्पष्ट हुआ कि दवाओं का भंडारण और बिक्री बिना अनुमति की जा रही थी।

विभाग ने तत्काल पूरा स्टॉक सीज कर दिया। दुकान संचालक को नोटिस जारी किया है। कार्रवाई के दौरान पांच दवाओं के नमूने भी लिए हैं। इन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।