नूंह (हरियाणा)। अवैध जच्चा-बच्चा केंद्र पर रेड कर फर्जी महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुन्हाना शहर में अवैध जच्चा-बच्चा केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम ने की। संयुक्त कार्रवाई में गुलशन जच्चा-बच्चा केंद्र पर छापेमारी की गई।

इस दौरान केंद्र संचालिका मिथलेश से डिग्री और लाइसेंस से संबंधित दस्तावेज मांगे गए। वह कोई भी वैध डॉक्यूमेंट्स पेश नहीं कर पाई। टीम ने मौके से दवाइयां और प्रसव से जुड़े उपकरण बरामद किए। पुलिस ने आरोपी महिला मिथलेश के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

विभाग को मिली थी सूचना

डॉ. मनप्रीत ने बताया कि पुन्हाना में अवैध जच्चा-बच्चा केंद्र संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस बल के साथ छापेमारी की गई। केंद्र पर मरीजों का इलाज किया जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग ने जब्त दवाइयों और उपकरणों की सूची पुलिस को सौंप दी है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह केंद्र कब से चल रहा था। अब तक कितने मरीजों का इलाज किया गया था।