सिद्धार्थनगर (यूपी)। नशीली दवा की तस्करी पकड़ी गई है। बार्डर पर दवा तस्करी में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई एसएसबी और कपिलवस्तु कोतवाली की पुलिस ने की। आरोपी के कब्जे से 210 गोली नशीली दवा बरामद की गई। आरोपी अब्दुर्रहमान कपिलवस्तु,नेपाल का रहने वाला है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह है मामला
कोतवाली कपिलवस्तु प्रभारी संतोष तिवारी ने बताया कि एसएसबी के साथ पुलिस सीमा पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि एक युवक मादक पदार्थ लेकर जा रहा है। सूचना पर टीम सक्रिय हो गई। ठकुरापुरा गांव के पास एक युवक भारत से नेपाल जाता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। एसएसबी के जवानों ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 210 नशीली टेबलेट बरामद की। पूछताछ में उसने अपना नाम अब्दुर्रहमान निवासी कपिलवस्तु, नेपाल बताया। हालांकि, यह पता नहीं लगा कि वह दवा कहां से लेकर आ रहा था। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी।










