मीरापुर। मेडिकल एजेंसी पर छापेमारी कर नारकोटिक्स दवा बरामद की गई है। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और जिला औषधि विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। मौके से सरकारी आपूर्ति की नारकोटिक्स दवाएं बरामद हुई। एजेंसी संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई जिला परिषद बाजार स्थित ब्रज फार्मा पर हुई जांच के बाद मिली जानकारी पर की गई।

यह है मामला

जिला औषधि निरीक्षक पवन कुमार शाक्य ने बताया कि हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने ब्रज फार्मा पर जांच की थी। पता चला कि मीरापुर की प्रधान मेडिकल एजेंसी से भी नारकोटिक्स श्रेणी की दवाइयों की आपूर्ति की जा रही थी।

जांच को आगे बढ़ाते हुए प्रधान मेडिकल एजेंसी पर छापा मारा गया। इस दौरान एजेंसी संचालक मो.आरिफ मौके पर नहीं मिला। मौके पर मौजूद दो युवकों को उसके नाम का नोटिस रिसीव कराया गया। एजेंसी से नारकोटिक्स श्रेणी के क्लोजीपाम के पांच पत्ते जब्त किए गए।

टीम ने सरकारी आपूर्ति की नारकोटिक्स श्रेणी की दवा बरामद की। बरामद दवा को तुरंत सील कर दिया गया। एजेंसी संचालक मो.आरिफ के विरुद्ध मामला दर्ज करा दिया गया है।