जोधपुर (राजस्थान)। नशीली दवा की तस्करी का मामला पकड़ में आया है। रानीवाड़ा में एटीएस जोधपुर और रानीवाड़ा थाना पुलिस ने यह सफलता पाई। गुजरात से गाड़ी में लाई गई 70 तरह की 27,204 प्रतिबंधित नशीली दवाएं पकड़ीं। डॉ. देवेंद्र चौधरी, नरेश भाई कोली, राहुल, इरफान बेलिम, साहिलेश चौधरी, साहिवाल जोशी को गिरफ्तार किया है।
यह है मामला
मालवाड़ा चार रास्ता के पास भीनमाल जाने वाली सडक़ पर नाकाबंदी की गई। एक गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। इसमें छह लोग सवार थे। संदिग्ध दवाइयां मिलने पर सभी को हिरासत में ले लिया गया। आरोपियों के पास दवाइयों से संबंधित कोई वैध बिल या दस्तावेज नहीं था। सभी आरोपी गुजरात के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। आरोपी गुजरात से दवाइयां लेकर रानीवाड़ा की ओर आ रहे थे। रानीवाड़ा पुलिस ने जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी पुष्पा सोलंकी को मौके पर बुलाया। जांच में करीब 70 प्रकार की टैबलेट मिलीं। इनमें एनडीपीएस घटक वाली प्रतिबंधित दवाएं भी शामिल थीं। बरामद दवाओं में जायब्यूफ्लेक्स , अल्प्राजोलम और रेपियो-ए समेत कुल 27,204 टैबलेट हैं।










