नई दिल्ली: मेडिकल स्टोर पर सीसीटीवी (CCTV) कैमरा लगाना अनिवार्य हो गया है। देश में दवाओं की रिटेल बिक्री पर लगाम कसने के लिए यह फैसला लिया गया है। ड्रग कंसल्टेटिव कमेटी ने दवा स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
यह भी साफ किया है कि कैमरे दुकान के भीतर ऐसी जगह लगाए जाने चाहिए, जहां से दवा की हर खरीद-फरोख्त साफ-साफ दिखाई दे। इससे दवाओं की बिक्री पर सरकारी निगरानी बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। बैठक में DCC ने मोबाइल ऐप-आधारित इंफॉर्मेशन सिस्टम या एक सेंट्रलाइज्ड ड्रग पोर्टल बनाने पर भी सहमति जताई। इस पोर्टल का मकसद दवाओं से जुड़ा सारा डेटा एक ही जगह करना है। इससे उन दवाओं की रियल टाइम ट्रैकिंग की जा सकेगी, जिनका गलत इस्तेमाल होने की आशंका ज्यादा होती है।
यह निर्णय राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा प्रस्तावित संयुक्त कार्य योजना की समीक्षा के बाद लिया गया। आयोग ने मेडिकल स्टोर्स पर कुछ दवाओं की अनियंत्रित बिक्री पर चिंता जताई थी।










