आजमगढ़ (उप्र)। मेडिकल स्टोर पर रेड के दौरान प्रतिबंधित दवाएं जब्त की हैं। जिले के सरकारी अस्पतालों के सामने गुमटियों और टीनशेड में अवैध रूप से मेडिकल स्टोर संचालित हो रहे हैं। इनके खिलाफ प्रशासनिक टीमों ने जहानागंज, अतरौलिया और मेंहनगर में संयुक्त रूप से छापा मारा। इस दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित और एक्सपायरी दवाएं बरामद की गईं। इससे दवा विक्रेताओं में अफरातफरी रही। उधर, मेंहनगर कस्बे के सात मेडिकल स्टोरों की सघन जांच की। जांच में दवाओं के स्टॉक, मूल्य और मानक में भारी खामियां पाई गईं। दो दुकानों पर एक्सपायरी और प्रतिबंधित दवाएं मिली। इससे एक मेडिकल हॉल को सील कर दिया गया। एक अन्य पर ताला जड़ दिया गया।
एक संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, जहानागंज के कोल्हूखोर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास छापा मारा। टीम की भनक लगते ही कई संचालक अपनी दुकानें छोडक़र भग गए। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि स्टोर से संदिग्ध गुणवत्ता की लगभग 20 तरह की दवाएं जब्त की गई हैं। इन सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है।










