मुरैना (मध्य प्रदेश)। मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव संघ ने नई गाइडलाइन लागू करने की मांग उठाई है। इसका उद्देश्य दवा उद्योग में पारदर्शिता और मरीजों को राहत दिलाना है। इसी क्रम में संघ ने जिला मुख्यालय पर एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि दवाओं की कीमतों और गुणवत्ता का सीधा असर आम जनता के स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। संघ ने मांग की कि जेनरिक दवाओं की एमआरपी कम रखी जाए। पैकेजिंग पर स्पष्ट रूप से जेनरिक मेडिसिन लिखा जाए। साथ ही दवा निर्माता, थोक विक्रेता और रिटेलर का मार्जिन तय किया जाए। साथ ही उसे क्यूआर कोड के माध्यम से दर्शाने की व्यवस्था की जाए।
संघ ने दवाओं के दाम निर्धारित करने, एथिकल और जेनरिक दवाओं के नाम अलग रखने की भी बात कही। वहीं गुणवत्ता जांच के लिए आधुनिक लैब स्थापित करने और दवा कंपनियों पर सख्त नियम लागू करने की मांग की।










