गुरुग्राम (हरियाणा)। नकली Mounjaro इंजेक्शन भारी मात्रा में जब्त होने का मामला प्रकाश में आया है। गुरुग्राम ड्रग कंट्रोल विभाग ने नकली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। डायबिटीज में इस्तेमाल होने वाले (मौनजारो) इंजेक्शन का करीब 70 लाख रुपये का जखीरा जब्त किया है।
यह है मामला
ड्रग कंट्रोल ऑफिसर अमनदीप चौहान ने बताया कि सूचना मिली थी कि गुड़गांव में बड़ी मात्रा में नकली इंजेक्शन लाया जा रहा है। सूचना पर तुरंत छापेमारी की और पूरा स्टॉक बरामद कर लिया। मौनजारो इंजेक्शन मूल रूप से इटली की कंपनी बनाती है। यह शुगर के मरीजों के इलाज में काम आता है। भारत में इसका गलत इस्तेमाल वजन घटाने के लिए भी किया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई चेन का पता लगाकर पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की जाएगी। डीसीओ अमनदीप चौहान ने लोगों से अपील की है कि दवाइयां सिर्फ लाइसेंसधारी केमिस्ट से बिल लेकर ही खरीदें। खरीद के दौरान इंजेक्शन का बैच नंबर और पैकेजिंग जरूर चेक करें। विभाग ने जब्त इंजेक्शन के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नकली दवा के सप्लायर और खरीदारों पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया जाएगा।










