नई दिल्ली। मेडिकल स्टोरों पर लाइसेंस बिना बिक रही दवाइयां पकड़ी गई हैं। ड्रग कंट्रोल विभाग ने शाहदरा में दवाओं की अवैध बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई की। टीम ने राशिद मार्केट, गांव खुरेजी, शाहदरा स्थित एक परिसर पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान एक डिकॉय ग्राहक भेजा गया। उसने बिना डॉक्टर की पर्ची और बिना बिल के कई दवाइयां खरीदी। परिसर में अवैध रूप से दवाइयां बेचने और संचालित करते हुए पाया गया। उक्त परिसर पूर्व में वैध ड्रग लाइसेंस के अंतर्गत संचालित हो रहा था। इसे 2024 में निरस्त कर दिया गया था। इसके बावजूद परिसर में दवाओं का भंडारण एवं बिक्री जारी रखी गई। यह विधिक प्रावधानों का उल्लंघन है। छापेमारी के दौरान कुल 104 प्रकार की दवाइयां जब्त की गईं। इसके अतिरिक्त परिसर से 23 एक्सपायर्ड दवा सामग्री भी बरामद की गई। चयनित दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
पूरी तलाशी एवं जब्ती की कार्रवाई विधिक प्रक्रिया के अनुसार की गई। इसमें वीडियोग्राफी और समुचित दस्तावेजीकरण शामिल रहा। संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई हेतु जांच जारी है।










