पीलीभीत (उप्र)। नशीली दवा तस्करी का मामला पकड़ में आया है। पुलिस ने नशीली दवाओं की खरीद-फरोख्त करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक लाख बीस हजार अल्प्राजोलम टैबलेट, दो कारें और 54,550 रुपये बरामद किए हैं। यह कार्रवाई अकबरगंज स्थित गीता पेट्रोल पंप के पास चेकिंग के दौरान की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखविंदर सिंह, ओमकार मिश्रा और फुरकान के रूप में हुई है।

यह है मामला

पुलिस ने बताया कि ये आरोपी दो कारों से नशीली दवाओं की सप्लाई देने जा रहे थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि अकबरगंज स्थित गीता पेट्रोल पंप से आगे सडक़ किनारे दो कारें खड़ी हैं। वहां तीन व्यक्ति डिब्बों और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि कार्टून में संदिग्ध डिब्बे रखे हुए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अल्प्राजोलम टेबलेट फुरकान को 50,000 रुपये में बेची थी। सौदा तय हो चुका था। वे वहां से जाने ही वाले थे कि पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल एक लाख बीस हजार अल्प्राजोलम टेबलेट जब्त की हैं। वहीं दो कारें, 54,550 रुपये नगद, तीन मोबाइल फोन और आठ एटीएम कार्ड भी बरामद किए हैं। इन नशीली दवाओं का बाजार मूल्य काफी अधिक बताया जा रहा है। यह बरामदगी नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई का हिस्सा है। इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।