अलवर। डुप्लीकेट कॉस्मेटिक आइटम बेचने का भंडाफोड़ हुआ है। शहर में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली कॉस्मेटिक सामान बेचा जा रहा था। हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की शिकायत पर कंपनी प्रतिनिधि पुलिस टीम के साथ अलवर पहुंचीं। शहर में स्थित तीन बड़े गोदामों पर छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में डुप्लीकेट कॉस्मेटिक आइटम बरामद किए गए। वहीं पुलिस ने चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

यह है मामला

हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की प्रतिनिधि नयनतारा डेमी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि कंपनी के ब्रांड लेकमी के नाम पर नकली प्रोडक्ट बेचे जा रहे हैं। आरोपी दिल्ली से सस्ता डुप्लीकेट माल लाते हैं। उसे असली ब्रांड के नाम से बाजार में सप्लाई कर रहे थे। इससे कंपनी की साख और ब्रांड वैल्यू पर विपरीत असर पड़ रहा था।

तीन गोदामों पर एक साथ कार्रवाई

पुलिस ने लोहिया पाड़ी, श्योलाल पुरा मोहल्ला और चूड़ी मार्केट क्षेत्र में तीन गोदामों पर रेड की। गोदामों से बड़ी मात्रा में नकली कॉस्मेटिक उत्पाद बरामद किए। पुलिस ने मौके से चार जनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

ये आइटम किए बरामद

बरामद सामान में डुप्लीकेट लेकमी लिपस्टिक, काजल, फाउंडेशन, आई लाइनर, फेस क्रीम और क्लोजअप टूथपेस्ट सहित कई अन्य उत्पाद शामिल हैं। पुलिस जब्त किए गए सामान की जांच कर रही है।