नोएडा (उप्र)। सेक्सवर्धक दवा के नाम पर 50 लाख की ठगी का मामला आया है। दवा कंपनी का डाटा चोरी कर पूर्व कर्मचारी संजय सरकार ने घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने ऑनलाइन सेक्सवर्धक दवा भेजने के नाम पर एक साल में 50 लाख की ठगी कर ली। आरोपी ने अपने सहकर्मी मुन्ना कुमार शाह से दवा मंगाने वाले चार हजार लोगों का डाटा मंगा लिया। इसके बाद कई लोगों को दवा भेजने के नाम पर ठगी का शिकार बनाया। पुलिस ने संजय सरकार समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह है मामला
इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर के प्रतिबिंब पोर्टल पर शिकायत मिली थी। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल नंबर ट्रेस किए गए। न्यू ब्लॉक कॉलोनी निवासी संजय सरकार, मोहित सरकार, सुब्रमण्यम यामलवलसा और हर्ष सरकार को गिरफ्तार किए गया। आरोपियों ने बताया कि संजय सरकार पहले नोएडा स्थित एक ऑनलाइन दवा सप्लाई कंपनी में काम करता था। नौकरी छोडऩे के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी का नेटवर्क खड़ा कर लिया। आरोपियों ने विभिन्न जिलों के लोगों को ठगी का शिकार बनाया।
संजय को कंपनी से सेक्सवर्धक दवा खरीदने वालों का मुन्ना कुमार शाह हर रोज डाटा देता था। मुन्ना कंपनी से ऑनलाइन व्हाट्सएप आदि के जरिये सेक्सवर्धक दवा मंगाने वालों की जानकारी लेता था। इसके बाद संजय और उनके साथी लोगों से संपर्क कर अपने बैंक खातों में पैसा मंगा लेते थे। इसके बाद संबंधित ग्राहक के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर देते थे।
आरोपियों के खिलाफ पोर्टल पर दस राज्यों के 37 लोगों ने शिकायत दर्ज कराईं। इन शिकायतों के आधार पर ही पुलिस टीम ने ठगी का खुलासा किया। दवा की डिलीवरी न मिलने पर कई ग्राहकों ने कंपनी से भी संपर्क किया। कंपनी ने भुगतान न मिलने की जानकारी अपने ग्राहकों को दी थी।










