नई दिल्ली। ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ आज केमिस्ट-ड्रगिस्ट हड़ताल पर रहेंगे। इसके चलते देशभर में दवा दुकानें बंद रखी जाएंगी। कैमिस्ट एसोसिएशन ने 24 घंटों के लिए मेडिकल स्टोर बंद रखने का निर्णय लिया है। इसकी घोषणा अखिल भारतीय दवा विक्रेता संगठन (एआईओसीडी) ने पहले ही कर दी थी। ऑनलाइन दवा बिक्री की वैधता का सवाल उठाया गया था। संगठन का कहना है कि वर्तमान में ऑनलाइन दवा बिक्री पूरी तरह से गैरकानूनी है। उन्होंने सरकार से संबंधित अधिसूचनाओं को रद्द करने की मांग की है। साथ ही एक नई नियामक रूपरेखा तैयार करने की मांग की है।

एआईओसीडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेएस शिंदे ने बताया कि ऑनलाइन दवा बिक्री नियमों का उल्लंघन करती है। उन्होंने जीएसआर 817 अधिसूचना का जिक्र किया। इसे उन्होंने और संगठन ने पहले ही अनुचित बताया था। ऑनलाइन दवा बिक्री से माफिया को बढ़ावा मिल सकता है। इसके लिए एक मजबूत आईटी बुनियादी ढांचे की आवश्यकता है।

संगठन की मुख्य तीन मांगें

1. जीएसआर 817 अधिसूचना को रद्द करना ।
2. नई नियामक रूपरेखा का मसौदा तैयार करना
3. ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक

सबसे महत्वपूर्ण मांग यह है कि ऑनलाइन दवा बिक्री को तुरंत बंद किया जाए। इसके अतिरिक्त, एआईओसीडी ने जीएसआर 220 अधिसूचना को भी रद्द करने की मांग की है। इसे कोविड-19 महामारी के दौरान लागू किया गया था। संगठन का तर्क है कि महामारी के दौरान फार्मासिस्ट ही दवाइयों के एकमात्र प्रदाता थे।