छपरा (बिहार)। मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर 44 प्रकार की दवाएं जब्त की गई हैं। जिले में अवैध दवा कारोबार पर प्रशासन की सख्ती बढ़ती जा रही है। विभिन्न क्षेत्रों में दवा दुकानों की जांच अभियान तेज कर दी गई है। इस कड़ी में बरेजा बाजार स्थित अंश मेडिकल हॉल पर टीम ने छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान मेडिकल दुकानदारों और क्षेत्र के अन्य दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने मेडिकल हॉल में उपलब्ध दवाओं की गहन जांच की। जांच के क्रम में 44 प्रकार की दवाओं को जब्त किया गया। जब्त दवाओं में एंटीबायोटिक, कफ सिरप और कई अन्य प्रकार की दवाएं शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में कुछ दवाओं के दस्तावेजों में अनियमितता की आशंका सामने आई। इसके बाद उन्हें जब्त कर आगे की प्रक्रिया शुरू की गई। जांच के दौरान तीन प्रकार की दवाओं के सैंपल भी लिए गए हैं। इन्हें गुणवत्ता परीक्षण और प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दवाओं की गुणवत्ता में गड़बड़ी िमलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।