बारामुला। मेडिकल स्टोर की आड़ में नशे के कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने पट्टन में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। यहां मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे नशीली दवाओं के अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही दो मेडिकल प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया।

यह है मामला

सूचना मिली थी कि यादीपोरा निवासी मुसादिक रशीद याटू ट्रामा अस्पताल पट्टन के पास मूसा मेडिकेट स्टोर चलाता है। वह युवाओं को चोरी-छिपे नशीली दवाएं बेच रहा है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर की मौजूदगी में मूसा मेडिकेट पर छापा मारा। आरोपी मुसादिक को नशीली दवाएं बेचते रंगेहाथ पकड़ा गया। उससे ट्रामाडोल की 7 स्ट्रिप, कुल 105 टैबलेट जब्त की गईं। आरोपी ने खुलासा किया कि उसे नशीली दवाएं शेरपोरा बंगिल निवासी इरफान यूसुफ वानी सप्लाई करता था।

इरफान जीडीसी पट्टन के पास वानी फार्मा डिस्ट्रीब्यूटर चलाता है। वह बिना बिल नशीली दवाएं सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने वानी फार्मा डिस्ट्रीब्यूटर पर छापा मारा। साथ ही आरोपी के शेरपोरा बंगिल स्थित घर की भी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 69 स्ट्रिप एटिसोमा-0.25 एटिजोलम और क्लोप्रैक्स-बी20 की 10 स्ट्रिप टैबलेट बरामद हुईं। इन्हें एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट और ड्रग कंट्रोल ऑफिसर की मौजूदगी में सील कर दिया गया। दूसरे आरोपी इरफान यूसुफ वानी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर ने दोनों मेडिकल प्रतिष्ठानों को सील कर दिया।