आगरा। सैंपल दवा से भरे गोदाम पर रेड कर तस्करी पकड़ी गई है। औषधि विभाग की टीम ने फव्वारा स्थित झूलेलाल बाजार के सैंपल की दवाओं की तस्करी पकड़ी है। तीसरी मंजिल पर बने गोदाम का ताला तोडक़र जांच की गई। इसमें फिजीशियन सैंपल की दवाओं का जखीरा मिला। ये करोड़ों रुपये की दवाएं हैं। टीम ने सूची बनाकर 15 मेडिकल फर्मों पर छापा मारा था।

इसमें नकली और सरकारी दवाएं जब्त की थीं। तीन गोदाम सीज किए थे। टीम की सूची में झूलेलाल बाजार की एक फर्म का नाम भी शामिल है। छापे की जानकारी पर संचालक अपनी फर्म और गोदाम पर ताला लगाकर भाग गया था। ऐसे में अगले दिन टीम बाजार में पहुंची। संचालक को फोन किया तो स्विच ऑफ मिला। इस पर टीम ने प्रशासनिक अधिकारी की निगरानी में गोदाम का ताला तुड़वाया। इसमें दवाएं ठसाठस भरी थीं। कार्टन खोलकर देखा तो टीम दंग रह गई। इन सभी में फिजीशियन सैंपल (नॉट फॉर सेल) लिखा हुआ था।

इनमें एंटीबायोटिक, पेट रोग, थायरायड, मधुमेह, जुकाम-खांसी, दस्त, बच्चों के सिरप समेत कई तरह की दवाएं हैं। ये नामी कंपनी की सैंपल दवाएं हैं। इन्हें लोगों को बेचना अपराध की श्रेणी में आता है। मुख्यालय-शासन को भी इसकी जानकारी दे दी है।

नॉट फॉर सेल मिटाकर बेच रहे

अधिकारी ने बताया कि सैंपल दवाओं पर नॉट फॉर सेल को मिटाकर इनकी कई राज्यों में तस्करी की जा रही है। इस रैकेट में कई दवा माफिया शामिल हैं। इसकी जांच की जा रही है। संबंधित कंपनियों को भी नोटिस दिया जाएगा।