पाली (राजस्थान)। थैलेसीमिया मरीज को गलत ब्लड चढ़ाने का मामला प्रकाश में आया है। अब अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और जांच कमेटी गठित की है। जांच रिपोर्ट में ब्लड बैंक और वार्ड स्तर पर गंभीर लापरवाही सामने आई। इसके बाद संबंधित कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह है मामला

एक थैलेसीमिया से पीडि़त मासूम मरीज को ओ+ ब्लड की जगह गलती से बी+ ब्लड चढ़ा दिया गया था। हालांकि समय रहते बच्चे की तबीयत बिगडऩे पर ब्लड चढ़ाने की प्रक्रिया रोक दी गई। घटना सामने आने के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए थे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल अधीक्षक ने जांच कमेटी बनाई थी। जांच के दौरान ब्लड बैंक और संबंधित वार्ड के स्तर पर लापरवाही सामने आई। रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सक और नर्सिंग ऑफिसर को एपीओ कर दिया है। मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बताया गया कि ब्लड की जांच और मिलान प्रक्रिया में आवश्यक सावधानी नहीं बरती गई। इसके कारण यह गंभीर स्थिति बनी। मामले में ब्लड बैंक के स्थायी लैब टेक्निशियन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे हैं। अस्पताल प्रशासन ने संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए पत्र भेज दिया है।