हरिद्वार। अवैध अस्पताल स्वास्थ्य विभाग के रडार पर आ गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले के 8 अस्पतालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अस्पतालों में अनियमितता मिली। इनमें से तीन अस्पतालों को मौके पर ही सील कर दिया गया। साथ ही तीन अस्पतालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी हुई। इस कार्रवाई से मानकों के खिलाफ चल रहे अस्पताल संचालकों में हडक़ंप मच गया।
सीएमओ आरके सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने निजी अस्पतालों और क्लीनिकों का निरीक्षण किया। इस दौरान श्री राम क्लिनिक ज्वालापुर, सेठी नर्सिंग होम कनखल, आस्था मेडिकल एंड क्लिनिक कनखल की जांच की। वहीं क्लासिक हॉस्पिटल धनपुरा, वेलफेयर हॉस्पिटल धनपुरा और गैलेक्सी हॉस्पिटल धनपुरा में भी दबिश दी। कई संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं और नियमों का उल्लंघन पाया गया। स्वास्थ्य विभाग ने श्री राम क्लिनिक, आस्था मेडिकल एंड क्लिनिक और गैलेक्सी हॉस्पिटल को सील कर दिया। वेलफेयर हॉस्पिटल, क्लासिक हॉस्पिटल और सेठी नर्सिंग होम के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया गया कि संबंधित संस्थानों पर 50 हजार से लेकर 2 लाख तक का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। इसके अलावा नियमानुसार अन्य कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।










