पलवल (हरियाणा)। नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। हथीन सीआईए ने नामी कंपनियों के भारी मात्रा में नकली प्रोटीन डिब्बे बरामद किए। एक आरोपी को भी मौके से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बाता गांव निवासी कुलभूषण के रूप में हुई है।
हथीन सीआईए टीम एएसआई विरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पलवल बस स्टैंड के पास मौजूद थी। इसी दौरान उन्हें ग्लैनबीया कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि लोकेश कुमार ने सूचना दी। बताया कि किठवाड़ी चौक पर दुकान चलाने वाला कुलभूषण अपने भाई के साथ भारी मात्रा में नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बेचता है। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी के महाराणा प्रताप कॉलोनी स्थित मकान पर छापेमारी की।
पुलिस ने आरोपी कुलभूषण को मौके पर ही पकड़ लिया। उसके घर के अंदर से ग्लैनबीया कंपनी के 96 डिब्बे नकली फूड प्रोडक्ट्स और प्रोटीन के बरामद किए। पुलिस ने बरामद सभी नकली सप्लीमेंट्स को जब्त कर लिया है। आरोपी कुलभूषण के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। पुलिस ने कहा कि इस गिरोह से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।










