आगरा (उप्र)। दवा बाजार में रेड के दौरान गोदाम से सैंपल की दवाएं बरामद हुईं हैं। फव्वारा बाजार में नकली और सैंपल की दवाओं के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। औषधि विभाग की कार्रवाई में एक गोदाम में भारी मात्रा में फिजिशियन सैंपल लिखी दवाएं मिली हैं। इन दवाओं को बिना लाइसेंस के रखा गया था। इनके नकली होने की भी आशंका है। इस पर टीम ने दवा विक्रेता पर कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। 12 सैंपल भी लिए गए हैं। पुलिस जल्द ही कारोबारी को गिरफ्तार कर सकती है।
कोतवाली थाने में प्राथमिकी औषधि निरीक्षक नवनीत कुमार ने दर्ज कराई है। इसमें अमिता विहार, कमला नगर निवासी सुमित गुप्ता को नामजद किया है। नकली दवाओं के अवैध भंडारण की शिकायत पर मुख्यालय की ओर से टीमों का गठन किया गया है। बोहरे राम गोपाल मार्केट के द्वितीय तल पर स्थित गोदाम में अवैध रूप से फिजिशियन सैंपल और नकली दवाओं के भंडारण की जानकारी मिली थी। इस पर औषधि निरीक्षक जांच के लिए पहुंचे थे।
कार्रवाई से पूरे मार्केट में अफरातफरी मच गई। टीम गोदाम पर पहुंची तो वहां पर शटर आधा बंद था। दुकान सुमित गुप्ता किराए पर चला रहे थे। टीम के पहुंचने से पहले वह भाग गए। बाद में फोन पर बुलाने पर भी नहीं आए। इस पर दुकान मालिक जगदीश राठी की सहमति के बाद 13 जून को दुकान की तलाशी ली गई। दुकान में नाॅट फाॅर सेल की दवाएं मिलीं। इनमें रेट को छिपाया गया था। इस पर काला मार्क कर दिया गया था। गोदाम में दवाओं के स्टोरेज की कोई व्यवस्था नहीं थी। एक्सपायर्ड दवाएं भी मिलीं। 13 बोरों में दवाओं को सील किया गया। गोदाम पर भी सील लगा दी गई।










