पाली (राजस्थान)। अवैध क्लीनिक पर छापेमारी कर दवाएं जब्त की गई हैं। आरोपी झोलाछाप डॉक्टर टीम को देखते ही मौके से फरार हो गया। चिकित्सा विभाग ने बाली उपखंड में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। दुदनी ग्राम में एक झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक पर छापा मारा गया। चिकित्सा टीम को देखते ही डॉक्टर फरार हो गया। इसके बाद क्लिनिक से भारी मात्रा में दवाएं जब्त की गईं।

यह है मामला

बाली ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. हितेंद्र वागोरिया अपनी टीम के साथ दुदनी पहुंचे थे। टीम के आने की भनक लगते ही झोलाछाप डॉक्टर क्लिनिक छोडक़र भाग गया। डॉ. वागोरिया ने बताया कि बिना डिग्री के उपचार करने के आरोप में झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा। जब्त दवाओं की रिपोर्ट बनाकर संबंधित थाने को सौंपेंगे। डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएगी। झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।