कालांवाली, सिरसा (हरियाणा)। मोबाइल शॉप से 1200 कैप्सूल और 890 गोलियां बरामद हुई हैं। सीआईए स्टाफ और जिला औषधि नियंत्रक विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने पंजाब बस स्टैंड स्थित एक मोबाइल की दुकान पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने दुकान में बनाई स्पेशल अलमारी से नशीली दवाएं बरामद हुई। इनमें प्रतिबंधित 1200 कैप्सूल और 890 गोलियां बरामद कीं। ड्रग विभाग ने दुकानदार जोगिंद्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
यह है मामला
ड्रग कंट्रोल ऑफिसर केशव वशिष्ठ ने बताया कि उन्हें मोबाइल शॉप में नशीली दवाओं की बिक्री की सूचना मिली थी। पुलिस टीम के साथ दुकान की बारीकी से तलाशी ली गई। जांच के दौरान गुप्त अलमारी का पता चला। दुकानदार जोगिंद्र सिंह ने नशीली दवाएं छिपाने के लिए दुकान में गुप्त अलमारी बना रखी थी। आरोपी जोगिंद्र सिंह इस दुकान में पहले मेडिकल स्टोर चलाता था। उसके पास बकायदा मेडिकल का लाइसेंस भी है। पहले भी उसके मेडिकल स्टोर से नशीली दवाएं बरामद हुई थीं। इसके चलते उस पर प्राथमिकी दर्ज है। आरोपी ने अपना मेडिकल लाइसेंस रद्द कराने के लिए फाइल लगाई हुई थी। उसने मोबाइल शॉप कर नशे का कारोबार भी जारी रखा। फिलहाल मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










