मुंबई। अस्पताल से बिना लाइसेंस दवा बेचने पर दवा भंडार जब्त किया गया है। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने अवैध दवा बिक्री पर कार्रवाई की। गोवंडी के बाल चिकित्सा अस्पताल से 9.09 लाख की एलोपैथिक दवाएं जब्त की हैं। इन दवाओं को वैध लाइसेंस के बिना बेचा जा रहा था।
यह है मामला
दवाओं की सुरक्षित और कानूनी बिक्री सुनिश्चित करने के लिए एफडीए निरीक्षण अभियान चला रहा है। अधिकारियों ने शिवाजीनगर, गोवंडी (पूर्व) स्थित मुस्कान एनआईसीयू और बाल अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां उन्हें अस्पताल परिसर में दो कमरों में बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाएं रखी मिलीं।
बिना लाइसेंस के दवाइयां बेचने का आरोप
अस्पताल के पास वैध दवा बिक्री लाइसेंस न होने पर भी दवाएं मरीजों को बेची जा रही थीं। एक रिसेप्शनिस्ट फार्मेसी की योग्यता बगैर दवाओं की बिक्री का काम संभाल रही थी। अधिकारियों ने दवा बिक्री की बिल बुक भी जब्त की है। बिलों में केवल मरीज का नाम, तारीख, दवा का नाम और ली गई राशि का उल्लेख था। एफडीए ने अस्पताल से 9,09,215.28 रुपये मूल्य की दवाएं जब्त कीं। अधिकारियों ने बताया कि जांच से दवा नियमों के उल्लंघन के संकेत मिलते हैं। एफडीए आयुक्त ने कहा कि अयोग्य व्यक्तियों के माध्यम से दवाओं के वितरण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










