सोनभद्र। अवैध रूप से संचालित दो निजी अस्पतालों पर छापेमारी की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों अस्पतालों को सील कर दिया है। जिले के दुद्धी कस्बे में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों पर यह कार्रवाई की गई।
यह है मामला
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एनएच-39 स्थित केएम हॉस्पिटल पर दबिश दी। वहीं, रामनगर क्षेत्र के नेशनल हेल्थ केयर हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। टीम की जानकारी मिलते ही दोनों अस्पतालों के संचालक संस्थान बंद कर चले गए। इसके बावजूद टीम ने नियमानुसार कार्रवाई की। दोनों अस्पतालों को सील कर दिया गया। साथ ही भवनों पर सीलिंग संबंधी नोटिस भी चस्पा किए गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई संस्थान बिना पंजीकरण और मानकों के चल रहे हैं। अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा इलाज और चिकित्सकीय लापरवाही की शिकायतें भी मिलती रही हैं। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुलाब शंकर ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई से अवैध स्वास्थ्य संस्थानों के संचालकों में हडक़ंप मचा हुआ है।










