मंडी (हप्र)। दवा का सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। दिल्ली की एक फर्म ने मंडी के सौलीखड्ड निवासी से 20.35 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीडि़त व्यक्ति ने थाना सदर में अपनी शिकायत दर्ज करवाई है।

राजेश कुमार निवासी सौली खड्ड ने बताया है कि वह दवा एवं सर्जिकल आइटम का होलसेल व्यवसायी है। फरवरी, 2025 को दिल्ली में अरुण कुमार ने उसकी मुलाकात अजय कौशिक से करवाई। उन्होंने स्वयं को जेम पोर्टल के माध्यम से सरकारी टेंडर दिलाने वाला बताया। उसने आश्वस्त किया कि वह अस्पताल का सरकारी टेंडर उसको दिलवा सकता है। उनके कहने पर ही 20 लाख की राशि दो फर्मों के खातों में डाल दी। इसके बावजूद कोई सरकारी टेंडर या आर्डर प्राप्त नहीं हुआ।

पूछताछ करने पर फर्जी ई-मेल और कागजात भेजकर गुमराह किया जाता रहा। इसी बीच उनकी टीम के सदस्य जगदीप सिंह ने सरकारी आर्डर दिलाने के नाम पर 35000 रुपये और लिए। इसके बावजूद कोई आर्डर नहीं मिला। ऐसे में पिछले एक साल से उसको गुमराह किया जाता रहा है।

ठगी का अहसास होने पर अरुण कुमार, अजय कौशिक व जगदीप सिंह के खिलाफ शिकायत सदर थाना में की है। वहीं, पुलिस शिकायत मिलने के बाद अब जांच कर रही है।