पटना (बिहार)। सरकारी अस्पताल से गर्भवती को बाइक से ले भागने का मामला सामने आया है। नवादा के सदर अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती गर्भवती रीता देवी को दलाल ले गए। रीता देवी गोविंदपुर बाजार निवासी राजेश कुमार की पत्नी हैं। उनके शरीर में खून की कमी थी। अस्पताल में इलाज चल रहा था।
परिजन डॉक्टरों से इलाज की जानकारी लेने गए। इसी बीच दलाल महिला को निजी क्लिनिक ले जाने लगे। दलालों ने 15 हजार रुपए में इलाज कराने का झांसा दिया था। परिजनों ने विरोध किया। अस्पताल में शोर मच गया। हल्ला होते ही दलाल प्रसव पीड़ा से कराह रही महिला को सडक़ पर छोडक़र भाग निकले। महिला पैदल ही सदर अस्पताल लौटी। बाद में उसे वापस गोविंदपुर ले जाया गया। वहीं डिलीवरी हुई और नवजात की मौत हो गई। डीएस डॉ. एस.डी. अरय्यर ने कहा कि शिकायत नहीं मिली है। फिर भी मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।










