बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। अवैध मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की खबर है। नरकटियागंज के पुरानी बाजार स्थित प्रसाद मेडिकल हॉल पर रेड की गई। ड्रग इंस्पेक्टर को इस बारे में शिकायत मिली थी। इस कार्रवाई से इलाके के दवा कारोबारियों में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही आसपास की कई मेडिकल दुकानें बंद हो गईं।

ड्रग इंस्पेक्टर सतीश कुमार पुलिस टीम के साथ मेडिकल हॉल पहुंचे। उन्होंने दुकान संचालक को बाहर बुलाकर प्रतिष्ठान की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान अवैध दवा दुकान संचालित होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने वहां से भारी मात्रा में दवाएं जब्त कर लीं। जब्त दवाओं का पंचनामा तैयार किया गया। उन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि जब्त दवाओं की गुणवत्ता और वैधता की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दवाएं नकली हैं या नहीं। रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान पुलिस बल मौजूद रहा।