गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश)। सिपला-लुपिन के नाम पर नकली दवा निर्माण का भंडाफोड़ हुआ है। नकली दवाओं के खेल सामने आने के बाद से लगातार एक्शन जारी है। गाजियाबाद क्राइम ब्रांच की टीम को बड़ी सफलता मिली है। देहरादून में नकली दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। यहां पर सिपला और लुपिन जैसी ब्रांडेड दवा कंपनियों की दवाएं तैयार कराई जा रही थी। दवाओं की पैकेजिंग देखकर टीम भी भ्रमित हो गई। अब इस मामले में नमूने लिए गए हैं। साथ ही, इन फैक्ट्रियों पर एक्शन तेज हुआ है।
यह है मामला
नकली एवं अवैध दवाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में एफएसडीए और गाजियाबाद क्राइम ब्रांच की टीम ने देहरादून में छापेमारी की। वहां एक फैक्ट्री में कई प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम पर नकली दवा निर्माण पकड़ा गया है। टीम ने देहरादून के देवीपुर न्यू हाइवे रोड परवाल में नकली दवा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में सिप्ला, ल्यूपिन, डॉ. रेड्डीज, जैसी नामी दवा कंपनियों के नाम का दुरुपयोग किया जा रहा है। कथित तौर पर नकली दवाइयां तैयार की जा रही हैं।
इन दवाओं की पैकेजिंग से आम उपभोक्ता और दवा विक्रेता आसानी से भ्रमित हो सकते थे। टीम भी एक क्षण के लिए इसे देख हैरान रह गई। टीम ने मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध दवाइयां, पैकिंग सामग्री बरामद की। बरामद सामग्री के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।










