चंदौली (उत्तर प्रदेश)। नशीली दवा कोडीन कफ सिरप से भरा ट्रक जब्त किया गया है। पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक चलाया है। चंदौली पुलिस ने एक कार्रवाई में 7200 शीशी यानी नशीली दवाइयां जब्त की है। मुर्गी के दाने की आड़ में इस अवैध नशे का कारोबार हो रहा था।
यह है मामला
अलीनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी। बताया गया कि कोरी अंडरपास के पास संदिग्ध ट्रक लावारिस हालत में खड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। जब ट्रक की तलाशी ली तो ऊपर 20 बोरी मुर्गी का दाना रखा हुआ था। बोरियों को हटाया तो मुर्गी के दाने के नीचे नशे की भारी खेप मिली।
मौके पर ड्रग इंस्पेक्टर चन्द्रेश कुमार द्विवेदी को बुलाया गया। उन्होंने बरामद माल के अवैध कोडीन सिरप होने की पुष्टि की। तलाशी के दौरान कुल 72 पेटियों में 7200 शीशी कफ सिरप मिला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।










