नई दिल्ली। हेल्थ सप्लीमेंट बनाने वाली कंपनी का लाइसेंस रद्द किया गया है। कंपनी रेहान हेल्थकेयर पर खाद्य नियामक ने कार्रवाई की है। एफएसएसएआई ने नियमों का गंभीर उल्लंघन मिलने पर लाइसेंस निलंबित किया है। एफएसएसएआई ने कंपनी की ‘हेल्थ सप्लीमेंट्स’ और न्यूट्रास्यूटिकल्स मैन्यफैक्चरिंग यूनिट का निरीक्षण किया था। वहां नियमों का गंभीर उल्लंघन देखा गया।

रेहान हेल्थकेयर डाइजेस्टिव सिरप, मल्टी-विटामिन सिरप बनाती है। इसमें बच्चों के न्यूट्रिशन सप्लीमेंट और दवाएं भी शामिल हैं। खाद्य नियामक ने कंपनी को सभी कमियों को दूर करने तक उत्पादन बंद रखने का निर्देश दिया है। यदि कंपनी इस आदेश का उल्लंघन करती है तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नियामक को क्या मिला निरीक्षण में

एफएसएसएआई ने निरीक्षण में देखा कि रेहान की यूनिट में गंदगी के बीच प्रोडक्शन किया जा रहा था। कीड़े-मकौड़ों और साफ सफाई का भी ध्यान नहीं रखा गया था। कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट को कुल 12 फीसदी अनुपालन अंक मिले। यह कम अंक मौजूदा प्रावधानों के बेहद गंभीर उल्लंघन और लापरवाही को दर्शाते हैं। विनिर्माण टैंक के नीचे गंदगी और कीचड़ की परत जमी हुई थी। कच्चे माल के रखने की जगह भी काफी गंदी थी। इससे संक्रमण का खतरा पैदा हो गया था। कई ई-कॉमर्स मंचों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।