नोएडा। ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम की अवैध दवाओं के गोदाम पर रेड की खबर है। औषधि विभाग और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने सेक्टर-123 में दवाओं के अवैध गोदाम पर छापा मारा। इसमें करीब 80 लाख रुपये की ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम दवाएं बरामद कीं। ये दवाएं डॉक्टर की पर्ची पर ही मिलती हैं। मौके से आरोपी अमन शर्मा और शिव नारायण झा को गिरफ्तार किया।

शिवनारायण गाजियाबाद में मेडिकल स्टोर चलाता है। अमन उसका सहयोगी है। औषधि निरीक्षक जय सिंह ने बताया कि टीम ने अंबेडकर सिटी स्थित मकान में छापा मारा। शिवनारायण झा ने एक महीने पहले गोदाम को किराये पर लिया था। उसने बगैर बिल व लाइसेंस के दवाइयों का भंडारण किया था। दिल्ली में दवाइयों के भंडारण को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले की जांच के बाद यह गिरफ्तारी की है। तीन की गिरफ्तारी पहले हो चुकी है। यह भी पता चला है कि आरोपी के कई और गोदाम हैं।

यह पता लगाया जा रहा है कि दवाओं की अपूर्ति कहां से की जा रही थी। इन्हें किन राज्यों में भेजा जाना था। टीम ने तीन प्रकार की दवाओं के नमूने भी लिए हैं। इन्हें प्रयोगशाला भेजा जाएगा। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गोदाम किसके इशारे पर चल रहा था। इसमें अन्य किन लोगों की भूमिका है।