मुजफ्फरनगर (उप्र)। अवैध अस्पताल-क्लीनिकों पर छापेमारी की गई है। मौके से एक्सपायरी दवाइयां और यूज इंजेक्शन जब्त किए हैं। जनपद में स्वास्थ्य विभाग ने यह कार्रवाई की है। डिप्टी सीएमओ डॉ. अजय कुमार की टीम ने बघरा और शामली रोड क्षेत्र में औचक छापेमारी की। एक नामी अस्पताल और क्लीनिक को सील कर दिया। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध क्लीनिक संचालकों में हडक़ंप मच गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शामली रोड स्थित सिटी हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। उक्त संस्थान स्वास्थ्य विभाग में केवल यूनानी चिकित्सा पद्धति के लिए पंजीकृत था। मौके पर लगभग 11 बेड का पूरा अस्पताल संचालित पाया गया। यहां अवैध रूप से ऑपरेशन थिएटर भी मिला। नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई जैसी गंभीर विधाएं चलाई जा रही थीं।
अनियमितताएं मिलने पर टीम ने सिटी हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। संचालक को नोटिस जारी कर सख्त स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं, शामली रोड स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी में आरोग्यम क्लीनिक पर रेड की। टीम को देखते ही क्लीनिक का संचालक संजय कुमार मौके से फरार हो गया। टीम को वहां बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाइयां मिली। खुले हुए इस्तेमाल इंजेक्शन, सुइयां और संदिग्ध चिकित्सीय सामग्री भी बरामद हुई। इस क्लीनिक को भी टीम ने सील कर दिया। मौके से सभी आपत्तिजनक दवाइयां जब्त कर लीं।










