कैथल (हरियाणा)। प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन तैयार कर बेचने का आरोपी अरेस्ट किया है। यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक सैल ने की। टीम ने एक ई-रिक्शा में आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित 18 ऐडनोक टैबलेट, 591 ग्राम नशीला घोल, प्लास्टिक शीशियां, 2 सिरिंज बरामद की।

यह है मामला

एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी एसआई प्रदीप की अगुवाई में टीम गश्त पर थी। उन्हें सूचना मिली कि गौरव प्रतिबंधित नशीली गोलियों से इंजेक्शन तैयार करता है। वह इन्हें ई-रिक्शा में घूम-घूमकर नशा करने वालों को बेचता है। वह अब भी ई रिक्शा में खनौरी रोड बन्द पैट्रोल पम्प के पास खड़ा है। पुलिस टीम ने बंद पेट्रोल पंप के पास दबिश दी। मौके पर ई-रिक्शा में बैठे युवक गौरव को काबू किया गया। तलाशी में आरोपी की जेब से 18 प्रतिबंधित ऐडनोक टैबलेट बरामद हुईं।

ई-रिक्शा की तलाशी लेने पर सीट के नीचे बैग से 591 ग्राम नशीला घोल, 29 खाली प्लास्टिक की शीशियां तथा 2 सिरिंज बरामद हुईं। आरोपी ने स्वीकारा कि वह प्रतिबंधित गोलियों को पशुओं की लिक्विड दवा में मिलाकर नशीला घोल तैयार करता है। उसे छोटी शीशियों में भरकर सिरिंज सहित नशा करने वालों को बेचता था। ड्रग कंट्रोल अधिकारी ने बरामद गोलियों को प्रतिबंधित बताया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।