लातेहार (झारखंड)। अवैध गर्भपात की सूचना पर क्लीनिक में छापेमारी का मामला सामने आया है। स्टेशन रोड स्थित चटनाही इलाके में संचालित सौम्या मेडिकल क्लीनिक पर यह कार्रवाई हुई। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने यहां छापेमारी की।

जांच के बाद ट्रेड लाइसेंस नहीं मिलने पर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। संचालक सागर कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर में दवाओं और दस्तावेजों की गहन जांच की। कई महत्वपूर्ण चिकित्सीय सामग्री जब्त की।

फोरेंसिक जांच के बाद होगी कार्रवाई

एसडीएम दिनेश कुमार ने बताया कि अवैध गर्भपात की सूचना पर रेड की है। मौके से बरामद सामग्री और दस्तावेजों को फोरेंसिक जांच के लिए रांची भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर से ट्रेड लाइसेंस की मांग की गई। संचालक कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

अन्य दस्तावेजों की भी जांच जारी है। छापेमारी के दौरान कई एक्सपायरी दवाएं बरामद हुई हैं। बेहोशी देने वाले इंजेक्शन सहित अन्य चिकित्सीय सामग्री भी मिली है। सभी बरामद वस्तुओं की जांच कराई जा रही है। मेडिकल स्टोर के संचालक सागर कुमार को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।