कौशांबी (उप्र)। डिलीवरी के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत का मामला प्रकाश में आया है। स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पताल को सील कर दिया है। मूरतगंज कस्बे में एक निजी महालक्ष्मी अस्पताल में डिलीवरी के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
यह है मामला
महेशपुर गांव निवासी करन की पत्नी नेहा को प्रसव पीड़ा हुई थी। परिजन उसे मूरतगंज स्थित लक्ष्मी अस्पताल में ले गए। नेहा की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर करने की तैयारी शुरू की। इसी बीच जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई।
परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अस्पताल में ऑक्सीजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं का उचित इंतजाम नहीं था। इसके कारण यह दुखद घटना हुई।
पुलिस ने मामले की सूचना मिलने के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद से अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और संचालक मौके से फरार हो गए हैं। सीएमओ के निर्देश पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया।










