उन्नाव (यूपी) । ओम फार्मा पर छापेमारी का मामला सामने आया है। नेहरूबाग इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ओम फार्मा पर एंटी नारकोटिक्स विभाग ने रेड की है। यह कार्रवाई कंपनी में नशीले पदार्थ उत्पादन की शिकायत पर की गई। लखनऊ एएटीएफ यूनिट की 8 सदस्यीय टीम ने जांच की। टीम ने सैम्पल जांच के लिए भेजा है। टीम ने कंपनी परिसर में उत्पादन प्रक्रिया, स्टॉक, कच्चे माल की पड़ताल की। जांच के दौरान कंपनी में विजयावटी (भांग) बनाए जाने की जानकारी भी सामने आई।
टीम ने कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों से भी पूछताछ की। टीम ने मौके से कुछ सामग्री के सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए भेजा गया है। छापेमारी के दौरान स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। भारी पुलिस बल कंपनी परिसर में मौजूद था। एंटी नारकोटिक्स टीम ने कंपनी के विभिन्न हिस्सों में जांच की। इस अचानक हुई कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। आसपास की इकाइयों में भी हलचल बढ़ गई। छापेमारी में किसी प्रतिबंधित पदार्थ की बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। जांच और सैंपल की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।










