अररिया (बिहार)। कोडिनयुक्त कफ सिरप की मिनी ट्रक से तस्करी पकड़ी गई है। यह सफलता जिले की बैरागाछी थाना पुलिस को मिली। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 707.4 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया है।
पुलिस ने कफ सिरप से लदे एक मिनी ट्रक को जब्त कर लिया। हालांकि उसका चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस अब चालक की गिरफ्तारी में जुटी है।
यह है मामला
खुलासा एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि बैरागाछी थाना पुलिस खुड़ाख राइस मिल के समीप वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मिनी ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया। वाहन रुकते ही चालक गाड़ी से उतरकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने जब्त वाहन की विधिवत तलाशी ली। तलाशी में मिनी ट्रक से 46 कार्टून बरामद हुए।
इन कार्टूनों की जांच करने पर 100 एमएल की कुल 7074 बोतलें मिलीं। इनमें 707.4 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप पाया गया। पुलिस ने कफ सिरप के साथ मिनी ट्रक को भी जब्त कर लिया है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। साथ ही, कफ सिरप की तस्करी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है।










