चंडीगढ़। दवा कारोबारियों के लिए लाइसेंस से जुड़ा काम अब आसान होगा। ऑनलाइन ड्रग लाइसेंस आवेदन की सुविधा ई-संपर्क केंद्रों पर शुरू की जाएगी।

चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से इसे आगामी एक सितंबर से शुरू किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक आवेदन पर 200 रुपये प्रोसेसिंग शुल्क तय किया है। स्वास्थ्य निदेशक एवं ड्रग्स कंट्रोलर डाॅ. सुमन ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने इस आशय का पत्र चंडीगढ़ केमिस्ट एसोसिएशन को जारी किया है।

ये रहेगी नई व्यवस्था

ई-संपर्क केंद्रों से ओएनडीएलएस पोर्टल पर दवा लाइसेंस से संबंधित 12 सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे। इनमें नए होलसेल और रिटेल एलोपैथिक व होम्योपैथिक ड्रग लाइसेंस के आवेदन शामिल हैं।

मौजूदा लाइसेंस के नवीनीकरण और रिटेंशन के लिए भी आवेदन हो सकेगा। मौजूदा ड्रग लाइसेंस सरेंडर करने की सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा दवा लाइसेंस में संशोधन आवेदन भी ई-संपर्क केंद्रों के माध्यम से किए जा सकेंगे।