प्रतापगढ़। एक्सपायरी इंजेक्शन लगाने के आरोप में दो फार्मासिस्ट सस्पेंड किए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लालगंज में स्वास्थ्य विभाग ने यह कार्रवाई की। स्वास्थ्य कर्मियों ने एसडीएम की आठ साल की बेटी को ही एक्सपायरी इंजेक्शन लगा दिया। गनीमत रही कि इससे उस पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा। मगर मामला एसडीएम से जुड़ा था। इस कारण सीएमओ ने दो फार्मासिस्टों को निलंबित कर दिया। इसके अलावा इसकी विभागीय जांच भी की जा रही है।
यह है मामला
एसडीएम लालगंज वाचस्पति सिंह की आठ साल की बेटी श्रेयसी को बुखार हुआ था। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले जाया गया। वहां पर फार्मासिस्ट ने एक्सपायरी पैरासिटामोल इंजेक्शन लगा दिया। इसकी एक्सपायरी जून, 2026 थी।
यह देख एसडीएम वाचस्पति सिंह ने मामले की शिकायत की। एसडीएम ने कहा कि जब उनकी बेटी के साथ ऐसी लापरवाही की गई, तो औरों का क्या होता होगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया। उनहोंने सीएचसी लालगंज पहुंच कर स्टोर को सील करा दिया। स्टोर प्रभारी फार्मासिस्ट अरविंद कुमार शुक्ला और फार्मासिस्ट देव कुमार दुबे को निलंबित कर दिया। दोनों को उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रतापगढ़ के कार्यालय से संबद्ध किया गया है।










