बांदा (यूपी)। कोडीनयुक्त सिरप मामले में आरोपियों के मेडिकल स्टोरों पर रेड की गई है। बांदा के बिसंडा इलाके में 30 हजार शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप पकड़ी गई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इस मामले से जुड़े आरोपियों के मेडिकल स्टोरों पर औषधि निरीक्षक ने छापा मारा। अतर्रा में दो मेडिकल एजेंसियों की जांच की गई। इस दौरान पांच दवाओं के नमूने लिए गए। दोनों दुकानों के रिकॉर्ड भी चेक किए गए। हालांकि, किसी भी मेडिकल स्टोर से कोडीनयुक्त सिरप नहीं मिला। वहीं, मुख्य आरोपी प्रियांशु गुप्ता को औषधि विभाग ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
यहां की छापेमारी
औषधि निरीक्षक दिव्यप्रकाश मौर्य ने अतर्रा में श्रीराम मेडिकल एजेंसी पर छापा मारा। यह दुकान गिरफ्तार आरोपी रोहित पांडेय के पिता कल्लूराम पांडेय के नाम पर है। टीम ने यहां से दो एंटीबायोटिक दवाओं के नमूने लिए। मुख्य आरोपी प्रियांशु गुप्ता की श्याम मेडिकल एजेंसी की भी जांच की गई। यहां से भी दो एंटीबायोटिक दवाओं के नमूने लिए। जांच के दौरान एक और दवा का नमूना भी लिया गया।
दोनों मेडिकल एजेंसियों के दवा खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड की जांच की। मुख्य आरोपी प्रियांशु गुप्ता को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अतर्रा के एक निजी डॉक्टर की कार भी आरोपियों के पास से बरामद हुई है। पुलिस पूरे मामले में जांच कर रही है।










