अलीगढ़ (यूपी)। नकली दवा बेचने पर दो मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस ने ट्रेडमार्क और कॉपीराइट उल्लंघन के मामले का पर्दाफाश किया है। मशहूर ब्रांड टाइटैनिक के2 और टाइटैनिक के2 प्लस कैप्सूल की आड़ में नकली दवा बेची जा रही थी। पुलिस ने दो मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

यह है मामला

कोलकाता की ऑलवेज डिटेक्टिव सर्विसेज के प्रतिनिधि हबीब उर रहमान ने थाना क्वार्सी में शिकायत दी थी। बताया कि इंदौर (मध्य प्रदेश) स्थित महामाया ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक फर्म विशेष उत्पादों की पंजीकृत निर्माता है। छापेमारी में कई खुलासे हुए। जनता फार्मेसी (नगला पटवारी) के संचालक सलमान ताहिर की दुकान से टाइटेनिक के 2 नकली दवा का एक पैकेट बरामद हुआ।

आर्यन मेडिकल स्टोर के संचालक रफीक खान की दुकान से टाइटेनिक के 2 नकली दवा का एक पैकेट बरामद किया। दुकानदार असली ब्रांड के नाम पर नकली उत्पाद बेचकर उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ कर रहे थे। इससे मूल कंपनी की साख को बट्टा लग रहा था। वहीं आम जनता को भी आर्थिक-शारीरिक रूप से धोखा मिल रहा था। थाना क्वार्सी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।