बाराबंकी (यूपी)। पंजीकरण बिना चल रहे 2 निजी अस्पताल सील किए गए हैं। वहीं अन्य 3 अस्पतालों को नोटिस दिए गए हैं। सूरतगंज में स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। स्वास्थ्य टीम ने क्षेत्र के निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया। टीम ने परफेक्ट डायग्नोस्टिक सेंटर और श्री कृष्णा नर्सिंग होम समेत कई संस्थानों के दस्तावेज जांचे।

टीम ने अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति देखी। आग से बचाव के इंतजाम, इमरजेंसी की स्थिति को परखा। बेसमेंट में संचालित मेडिकल सेवाओं की भी जांच की गई। अस्पताल संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

परफेक्ट डायग्नोस्टिक सेंटर और मनोज कुमार के नाम से संचालित अस्पताल बिना पंजीकरण के चलते मिले। टीम ने दोनों संस्थानों को तत्काल सील कर दिया। कार्रवाई से क्षेत्र के निजी अस्पताल संचालकों में हडक़ंप मच गया।
वहीं, श्री कृष्णा नर्सिंग होम समेत तीन अन्य निजी संस्थानों में कमियां मिलीं। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किया है।